आरआर कॉलेज मैदान में उमड़ा खेल भावना का उत्साह, जिलेभर के खिलाड़ी बने आयोजन के गवाह
अलवर: जिले में रविवार को आरआर कॉलेज के खेल मैदान में ‘सांसद खेल उत्सव’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन वी-शक्ति संस्था के तत्वावधान में किया गया। समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्य मंत्री संजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, टीमवर्क और फिटनेस के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। उद्घाटन समारोह में अलवर जिले के विभिन्न खेल संघों के खिलाड़ी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
समारोह में जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस दौरान मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह और जोश देखने लायक था। कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें जिलेभर से आए खिलाड़ी भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने युवाओं को खेलों के माध्यम से अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। सांसद खेल उत्सव के जरिए अलवर में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा और दिशा देने का संकल्प लिया गया।