“वंदे मातरम्@150”: प्रभारी मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को किया रवाना

By admin
2 Min Read

नागौर: राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला स्तर पर स्मरणोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं जिला प्रभारी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में रतना बेन कन्या विद्यालय, किशनलाल कांकरिया विद्यालय, एनसीसी, एनएसएस, और स्काउट-गाइड के लगभग 150 विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का प्रभावशाली गायन किया। शरद कुमार जोशी ने राष्ट्रगीत का पूर्ण संस्करण प्रस्तुत किया, जिसमें सत्यपाल सांदू और बालकिशन भाटी ने स्वर सहयोग दिया।

इसके बाद मंत्री चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया, जो नकाश गेट तक पहुंची। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लिए और “भारत माता की जय” व “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। मंत्री चौधरी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल उत्सव नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और समर्पण की भावना जगाना है।

शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि
प्रभात फेरी के उपरांत मंत्री चौधरी व जनप्रतिनिधि मूंडवा तिराहा स्थित शहीद स्मारक पहुंचे, जहाँ उन्होंने अमर शहीदों को नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान किसान आयोग अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरु, खींवसर विधायक रेवतराम डांगा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामधन पोटलिया, पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी, जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, एसपी मृदुल कच्छावा, एडीएम चंपालाल जीनगर, एएसपी सुमित कुमार, एसडीएम गोविंद सिंह भीचर, तहसीलदार नरसिंहराम, और अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सभी ने शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ ली।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *