राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में केवल चार महीनों में 6 करोड़ 81 लाख से अधिक पौधे लगाकर एक नई हरित क्रांति की शुरुआत हुई है। ‘हरियालो राजस्थान’ वृक्षारोपण महाअभियान, जो ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल से प्रेरित है, अब जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। इसमें आमजन, सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों ने मिलकर प्रदेश के हर अंचल में वृक्षारोपण किया है।
1 अप्रैल से 29 जुलाई तक 6 करोड़ 81 लाख 60 हजार 999 पौधे 1 लाख 80 हजार 456 स्थानों पर लगाए गए, जिनमें 53 से अधिक प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। करीब 8 करोड़ लोगों की भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने 2.33 करोड़, वन विभाग ने 1.76 करोड़ और शिक्षा विभाग ने 1.14 करोड़ पौधे लगाए। जयपुर जिले ने 66 लाख पौधों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि उदयपुर और जैसलमेर ने क्रमशः 33 लाख और 32 लाख पौधे लगाए।
हरियाली तीज पर 27 जुलाई को मुख्यमंत्री ने मदाऊ में राज्य स्तरीय वन महोत्सव में भाग लिया और एक दिन में 2.54 करोड़ पौधे लगाकर नया रिकॉर्ड बनाया। इस अभियान के तहत 5 वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है, जिसमें से इस वर्ष 10 करोड़ पौधे लगाए जा रहे हैं। पिछले वर्ष 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए थे।