मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन के उच्च मापदंडों के अनुरूप प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं एवं सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जन आकांक्षाओं की पूर्ति और उनकी परिवेदनाओं का त्वरित निस्तारण ही सुराज का केंद्र बिंदु है। सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित नियमित जनसुनवाई में उन्होंने प्रत्येक परिवादी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परिवेदनाओं का समय पर निस्तारण किया जाए और जनता से जुड़े कार्य पूरी जिम्मेदारी से किए जाएं। उन्होंने हर प्रकरण को सूचीबद्ध करने, नियमित फॉलोअप रखने और परिवादियों को सूचित करने पर जोर दिया। जो कर्मचारी परिवेदनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई में कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। गरीब, किसान, महिला, युवा, दिव्यांग और बुजुर्ग सहित जरूरतमंदों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया गया।
बीकानेर से आए विशेष योग्यजन जगदीश प्रसाद ने धार्मिक यात्रा करने की इच्छा जताई लेकिन आर्थिक तंगी की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जगदीश को धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा कराई जाए। मौके पर ही समस्या सुलझने पर जगदीश ने आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, गृह, राजस्व, सिंचाई, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित परिवेदनाओं को सुना और उनका त्वरित निस्तारण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।