राजनीतिक द्वेषता के कारण हुई गिरफ्तारी, मीडिया ट्रायल का शिकार- JJM घोटाले में गिरफ्तारी के बाद बोले महेश जोशी

4 Min Read

जल जीवन मिशन घोटाले में पूर्व मंत्री महेश जोशी गिरफ्तार, ACB कोर्ट ने 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

जयपुर। राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पूर्व कैबिनेट मंत्री Mahesh Joshi को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद ACB कोर्ट ने उन्हें 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब उन्हें 11 मई को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। ACB ने कोर्ट से पूछताछ के लिए रिमांड मांगी थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। रिमांड के दौरान एजेंसी जल जीवन मिशन में कथित गड़बड़ियों, दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन को लेकर गहन पूछताछ करेगी।

ACB डीजी बोले- टेंडर प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी

मामले को लेकर ACB के महानिदेशक Govind Gupta ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जल जीवन मिशन घोटाले की जांच में टेंडर प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि जिन कंपनियों को फायदा पहुंचाया गया, वे तय शर्तों को पूरा नहीं करती थीं और उनके प्रमाणपत्र भी फर्जी पाए गए। जांच में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार जांच में पूर्व मंत्री महेश जोशी की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में विशेष शर्तें लगाकर कुछ कंपनियों को लाभ पहुंचाया गया और पद का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में CBI और ED भी कार्रवाई कर चुकी हैं, जबकि ACB की जांच अभी जारी है।

महेश जोशी बोले- मुझे सियासी साजिश में फंसाया जा रहा

गिरफ्तारी के बाद मेडिकल जांच के दौरान महेश जोशी ने मीडिया से बातचीत में खुद को निर्दोष बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। महेश जोशी ने कहा, “मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। मुझे न पहले पूछताछ के लिए बुलाया गया और न कोई नोटिस दिया गया। सीधे गिरफ्तारी कर ली गई।” उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज उनकी मैरिज एनिवर्सरी है और एक साल पहले ही उनकी पत्नी का निधन हुआ था। उन्होंने कहा, “सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं हो सकता। मुझे उम्मीद है कि सच की जीत होगी।” साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह खुद को निर्दोष साबित नहीं कर सके तो ऐसा कदम उठाएंगे कि फिर किसी को उनसे शिकायत नहीं रहेगी।

900 करोड़ रुपए के घोटाले की जांच

बताया जा रहा है कि जल जीवन मिशन से जुड़े करीब 900 करोड़ रुपए के कथित घोटाले की जांच चल रही है। मामले में आने वाले दिनों में और भी बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई के बाद हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma पहले भी कई जनसभाओं में कह चुके हैं कि जल जीवन मिशन घोटाले में शामिल बड़े लोगों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *