जयपुर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर बड़ा बदलाव किया है। अब राजस्थान में 10वीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। यह नई व्यवस्था साल 2026-27 से लागू होगी। बोर्ड ने पुरानी सप्लीमेंट्री परीक्षा की व्यवस्था को खत्म करने का फैसला लिया है।
नई व्यवस्था के तहत 10वीं की पहली मुख्य परीक्षा फरवरी-मार्च में होगी। इसके बाद विद्यार्थियों को अपने परीक्षा परिणाम में सुधार करने का एक और मौका मई महीने में दिया जाएगा। इस दूसरी परीक्षा के जरिए छात्र अपने अंक बेहतर कर सकेंगे और आगे की पढ़ाई में होने वाली देरी से बच सकेंगे।

RBSE: तीन विषयों में अंक सुधारने का मिलेगा मौका
मुख्य परीक्षा में पास होने के बाद भी अगर किसी विद्यार्थी को लगता है कि उसके अंक कम आए हैं, तो वह मई में होने वाली दूसरी परीक्षा में शामिल होकर अपने अंक सुधार सकता है। विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों में परीक्षा दे सकेंगे। छात्र अपनी जरूरत के अनुसार एक, दो या तीन विषयों में भी दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। हालांकि, जिस विषय में पहली परीक्षा दी गई है।
विषय में अंक सुधारने का मौका मिलेगा।
परीक्षा के दौरान विषय बदलने की अनुमति नहीं होगी। दूसरी परीक्षा के बाद किसी विषय में पहली और दूसरी परीक्षा में से जो अंक अधिक होंगे, उन्हें अंतिम परिणाम में शामिल किया जाएगा। इसके आधार पर विद्यार्थी का अंतिम रिजल्ट और पास होने का प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। राजस्थान बोर्ड ने 2026-27 से 10वीं और प्रवेशिका परीक्षा की सप्लीमेंट्री परीक्षा खत्म करने का फैसला किया है। अब इसके स्थान पर विद्यार्थियों को दूसरी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाएगा।
अब सप्लीमेंट्री परीक्षा नहीं होगी।
अगर किसी विद्यार्थी को मुख्य परीक्षा में दो विषयों में 33 प्रतिशत से कम अंक मिलते हैं, तो उसे दूसरी बोर्ड परीक्षा में अंक सुधारने का अवसर मिलेगा। इसे Essential Improvement के तहत रखा जाएगा। इसका मतलब है कि जिन छात्रों को दो विषयों में कम अंक मिले हैं, वे मई में होने वाली दूसरी परीक्षा देकर अपने परिणाम को बेहतर कर सकते हैं। अगर कोई विद्यार्थी मुख्य परीक्षा में तीन या उससे अधिक विषयों में 33 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करता है, तो उसे दूसरी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा। ऐसे विद्यार्थी का परिणाम Essential Repeat रखा जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों को अगले शैक्षणिक सत्र में होने वाली मुख्य परीक्षा में सभी विषयों की परीक्षा दोबारा देनी होगी।
छात्रों को क्या फायदा होगा?
RBSE की इस नई व्यवस्था से विद्यार्थियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। पहले सप्लीमेंट्री परीक्षा के कारण कई विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए इंतजार करना पड़ता था। अब मई में दूसरी परीक्षा होने से विद्यार्थियों को उसी साल अपने अंक सुधारने का मौका मिल सकेगा। इससे छात्रों को आगे की कक्षा या अन्य पढ़ाई में प्रवेश लेने में भी आसानी हो सकती है। साथ ही परीक्षा में कम अंक आने के बाद विद्यार्थियों के पास अपना प्रदर्शन बेहतर करने का एक और अवसर रहेगा। RBSE 10th Board Exam 2027 की यह नई व्यवस्था छात्रों को परीक्षा परिणाम सुधारने का बेहतर मौका देने के उद्देश्य से लागू की जा रही है।