कृषि सचिव राजन विशाल ने जालसू में कृषि क्लस्टर बैठक का किया निरीक्षण

By admin
2 Min Read

जयपुर जिले की जालसू पंचायत समिति भवन में मंगलवार को आयोजित कृषि विभाग की उपखंड स्तरीय क्लस्टर बैठक में शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी श्री राजन विशाल ने शिरकत की और प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को यह निर्देश दिए कि प्रशिक्षण केवल औपचारिक न रह जाए, बल्कि कृषि की जमीनी समस्याओं पर केंद्रित हो।

शासन सचिव ने जोर देते हुए कहा कि किसानों को अनावश्यक उर्वरक प्रयोग से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने सॉयल हेल्थ कार्ड के आधार पर उर्वरकों के संतुलित प्रयोग की सलाह देने को कहा, साथ ही 50 बैग्स से अधिक उर्वरक खरीदने वाले किसानों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे दैनिक क्षेत्रीय कृषि डायरी में समुचित विवरण दर्ज करें और पंजिकाओं को समय पर अपडेट करें। इसके अलावा उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर प्रेरित करने का भी आह्वान किया।

बीज मिनीकिट वितरण की प्रक्रिया पर भी शासन सचिव ने फोकस किया और कमेटी की बैठक बुलाकर पात्र किसानों को दिशा निर्देशों के अनुसार मिनीकिट देने को कहा। उन्होंने ‘कृषि ज्ञान धारा’ कार्यक्रम को सफल बनाने और मंडी भावों की जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप्स के ज़रिए किसानों तक पहुंचाने के लिए भी निर्देश दिए।

श्री विशाल ने ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान की समीक्षा करते हुए अधिक पौधारोपण पर ज़ोर दिया और एफपीओ (FPO) को मजबूत करने व नए एफपीओ गठित करने की सलाह दी। साथ ही, किसानों को कस्टम हायरिंग सेंटर के बारे में जानकारी देकर आधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ लेने हेतु प्रेरित करने को भी कहा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *