गढ़ गणेश पूजन से होगी बूंदी महोत्सव शोभायात्रा की शुरुआत — परंपरा और आधुनिकता का संगम बनेगा आयोजन

By admin
2 Min Read

उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा ने ली तैयारियों की बैठक, यात्रा मार्ग की साफ-सफाई और सुरक्षा इंतज़ाम पुख्ता करने के निर्देश

बूंदी: आगामी बूंदी महोत्सव 2025 का शुभारंभ इस वर्ष एक भव्य और मनमोहक शोभायात्रा के साथ किया जाएगा, जो शहर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास की झलक प्रस्तुत करेगी। गढ़ गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इस सांस्कृतिक यात्रा का आगाज़ होगा। आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं।

शुक्रवार को उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा ने तैयारियों की समीक्षा बैठक ली और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग की पूरी सफाई और बिजली के तारों की मरम्मत समय पर पूरी की जाए, ताकि आयोजन में किसी भी प्रकार की बाधा न आए।

शोभायात्रा गढ़ पैलेस से शुरू होकर सदर बाजार, कोटा रोड होते हुए पुलिस परेड ग्राउंड पर संपन्न होगी। यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं, कलश धारण किए बालिकाएं, ऊंट-घोड़े, बैंड दल और लोक कलाकारों की झलक देखने को मिलेगी।
शहरवासी, धर्मस्थ संस्थान और स्वयंसेवी संगठन जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत करेंगे, जो बूंदी की सांप्रदायिक एकता और मेहमाननवाजी की मिसाल पेश करेगा।

शोभायात्रा में विभिन्न सरकारी विभागों की झांकियां प्रमुख आकर्षण होंगी, जिनके माध्यम से राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही ‘पंच गौरव’ अभियान के तहत जिले के पांच विशेष उत्पादों को भी आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार, तहसीलदार अर्जुनलाल मीणा, जिला परिवहन अधिकारी सौम्या शर्मा, सहायक निदेशक (शिक्षा) धनराज मीणा, एडवोकेट राजकुमार दाधीच, पुरुषोत्तमलाल पारीक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *