बूंदी: पीएमश्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल नैनवा में मंगलवार को 69वीं राज्यस्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के दूसरे दिन 17 और 19 वर्षीय छात्राओं के लिए लीग मैच खेले गए। प्रतियोगिता में प्रदेश की 17 वर्षीय वर्ग में 42 और 19 वर्षीय वर्ग में 40 टीमों के 984 खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं।
सुबह की पारी में 17 वर्षीय वर्ग में बूंदी की टीम ने प्रतापगढ़ को 8 अंकों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। 17 वर्षीय वर्ग में कुल 4 मैदान पर मुकाबले हुए। जयपुर ने खेरथल-तिजारा टीम को 31 अंकों से हराया, भीलवाड़ा ने चितौड़गढ़ को 7 अंकों से हराया, डीग ने सिरोही को 18 अंकों से हराया, टोंक ने झुंझुनू को 2 अंकों से हराया, गंगानगर ने पाली को 14 अंकों से हराया, चूरू ने डीडवाना-कुचामन को 6 अंकों से पराजित किया और जयपुर ने जैसलमेर को 17 अंकों से हराया।
प्रतियोगिता के आयोजन में बीकानेर निदेशालय से 29 निर्णायक नियुक्त किए गए, जिनमें 2 मुख्य निर्णायक और 8 चयन समिति सदस्य शामिल हैं। बड़ी संख्या में शारीरिक शिक्षक, प्रधानाचार्य और व्याख्याता भी आयोजन में सक्रिय हैं। थानाप्रभारी कमलेश शर्मा पुलिस जाब्ता लेकर खेल मैदान का भ्रमण कर रहे हैं। उप जिला अस्पताल नैनवा के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में 4 नर्सिंग अधिकारी मैदान में सेवा दे रहे हैं। भोजन की व्यवस्था शारीरिक शिक्षक संघ नैनवा द्वारा सुनिश्चित की गई।