भीलवाड़ा: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी करेड़ा-बागोर मंडल की संयुक्त बैठक का आयोजन करेड़ा कस्बे स्थित अरिहंत वाटिका में किया गया। बैठक में संगठन सृजन अभियान के तहत ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक और जम्मू-कश्मीर के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वकार रसूल वाणी, पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर, पीसीसी सदस्य अनुपम शर्मा और बालू लाल भील मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोपाल तिवारी ने बताया कि पर्यवेक्षकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर भीलवाड़ा ग्रामीण एवं शहरी जिला अध्यक्ष के चयन के लिए सुझाव मांगे। कार्यकर्ताओं ने कई प्रस्तावित नाम प्रस्तुत किए, वहीं धीरज गुर्जर समर्थक भी जिला अध्यक्ष पद के लिए अपने नामों के समर्थन में पहुंचे।
पर्यवेक्षकों ने बताया कि मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया कार्यकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर होगी। प्राप्त नामों को राष्ट्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाएगा और अंतिम पैनल तैयार किया जाएगा।
पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर ने कहा कि “पार्टी के प्रति निष्ठा, समर्पण और जनता के बीच लोकप्रियता ही जिला अध्यक्ष बनने का प्रमुख मापदंड होगा।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लाखाराम गुर्जर, धर्मीचंद रायका, हिम्मत चावला, प्रकाश गुर्जर, लादू लाल गुर्जर, खुशबू गुर्जर, रणविजय सिंह, आशा सरगरा, सुरेश सालवी, भानु प्रताप सिंह, और राजू लाल तेली सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।