जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम के बाद राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन को तेज़ करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को जम्मू, श्रीनगर और अन्य जिलों में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और इसे काला दिवस के रूप में मनाया जाएगा। महाराजा हरि सिंह प्रतिमा पार्क सहित सभी जिला मुख्यालयों पर धरना दिया जाएगा।
एक अगस्त से जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा ताकि जनता का समर्थन जुटाया जा सके। नौ अगस्त से भारत छोड़ो दिवस से लेकर 20 अगस्त तक भूख हड़ताल की जाएगी, हालांकि 15 और 16 अगस्त को इसमें छूट दी जाएगी। कर्रा ने बताया कि आंदोलन का पहला चरण ‘हमारी रियासत हमारा हक’ सफल रहा और अब इसे और तेज़ किया जाएगा।
उन्होंने सरकार पर दबाव बनाने के लिए तीन दिवसीय विशेष सत्र आयोजित करने की मांग की। कर्रा सुंदरबनी, राजौरी और पुंछ का दौरा करेंगे और पाक गोलीबारी के शिकार बच्चों के परिवारों से मिलेंगे। पार्टी ने राहुल गांधी के निर्देश पर इन बच्चों को गोद लिया है। कर्रा बुद्ध अमरनाथ तीर्थयात्रा में भी भाग लेंगे।