जिला स्तरीय आम सभा में फुले बोर्ड के गठन की उठी गूंज, शिक्षा और एकता के संकल्प के साथ समाजबंधुओं ने दिखाई मजबूती
कोटपूतली। महात्मा ज्योतिबा फुले संस्थान कोटपूतली के तत्वावधान में शुक्रवार को सैनी सभा संस्था भवन में जिला स्तरीय आम सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष हनुमान प्रसाद सैनी (नेताजी) ने की। सभा में जिलेभर से समाज के सैकड़ों प्रतिनिधि, पदाधिकारी और समाजबंधु बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों ने एकजुटता, संगठनात्मक सशक्तिकरण और सरकारी स्तर पर समाज की मांगों को मजबूती से रखने पर चर्चा की। सभा में सर्वसम्मति से महात्मा ज्योतिबा फुले बोर्ड के गठन की मांग पर प्रस्ताव पारित किया गया।
सभा के बाद सैकड़ों समाजबंधुओं ने रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च किया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा। रैली के दौरान समाजबंधुओं ने नारे लगाकर राज्य सरकार से फुले बोर्ड का गठन शीघ्र करने की मांग की।
मुख्य अतिथि और प्रतिनिधि:
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष शंकरलाल सैनी, सभापति पुष्पा सैनी, रामसिंह सैनी (सैनी सभा अध्यक्ष), फूलचंद सैनी, रोहिताश सैनी (बिराटनगर अध्यक्ष), देशराज सैनी (सरपंच), पप्पू प्रधान (नारायणपुर अध्यक्ष), निरंजन सैनी, विजय सैनी, रामकुमार सैनी (विवाह समिति अध्यक्ष), राकेश सैनी, योगेश सैनी (सचिव), प्रकाश तोदवाल (उपाध्यक्ष), एडवोकेट विजय कुमार सैनी, ज्ञानप्रकाश सैनी, धर्मवीर सैनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे।
कोटपूतली, बानसूर, बहरोड़, नीमराना, नारायणपुर, पावटा, प्रागपुरा और आस-पास के क्षेत्रों से हजारों समाजबंधु कार्यक्रम में पहुंचे।
वक्ताओं के विचार:
सभा में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा फुले ने शिक्षा, समानता और समाज सुधार का जो मार्ग दिखाया, उसी दिशा में समाज को संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन राकेश सैनी ने किया, जबकि रामसिंह सैनी ने सभी उपस्थित समाजबंधुओं का आभार व्यक्त कर सभा का समापन किया।