कोटा का दशहरा मेला घूमें मंत्री मदन दिलावर, नाव-डॉलर झूले का लिया मज़ा, गरम जलेबी और बचपन की यादें की साझा
कोटा: विजयादशमी के मौके पर हर साल की तरह इस बार भी दशहरा मेला धूमधाम से मनाया गया। मेले की रौनक और भीड़ के बीच एक खास दृश्य उस समय देखने को मिला जब राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर झूले का आनंद लेते दिखे।
मंत्री जी ने नाव और डॉलर झूले पर बैठकर खूब मस्ती की। मेला घूमते हुए उन्होंने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि उनका गांव कोटा से करीब 100 किलोमीटर दूर है, जिसके चलते वे बचपन में दशहरा मेला नहीं देख पाते थे।
उन्होंने कहा कि 17-18 साल की उम्र में जब वे संघ के काम से कोटा आए, तब पहली बार दशहरा मेला देखा था। उस समय सिर्फ 2 रुपए में पूरा मेला घूमना संभव था और गरम-गरम जलेबी उनकी सबसे बड़ी पसंद थी।
मदन दिलावर ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा – “पहले मेले में इतनी भीड़ होती थी कि बाजार से निकलने में घंटों लग जाते। खोया-पाया चौकियों की अनाउंसमेंट गूंजती रहती थीं। रोशनी कम होती थी, लेकिन उत्साह और आनंद की कोई कमी नहीं थी।”
आज भी कोटा का दशहरा मेला उनके लिए बचपन की यादों का खजाना है। उन्होंने कहा कि अब मेला ज्यादा व्यवस्थित और सुरक्षित हो गया है।