केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने और लगातार चुनाव हारने के कारण उन्होंने संतुलन खो दिया है। शेखावत ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा सत्यापन के लिए जानकारी मांगे जाने पर कांग्रेस नेताओं का विरोध करना दर्शाता है कि गांधी परिवार खुद को संविधान से ऊपर मानता है।
उन्होंने राहुल गांधी के डुप्लीकेट वोटर लिस्ट संबंधी बयानों पर भी सवाल उठाए, कहते हुए कि पहले वे जांच की मांग करते हैं और अब जब देशभर में वोटर लिस्ट की जांच हो रही है, तो उसका विरोध कर रहे हैं। राजस्थान पेपर लीक प्रकरण पर उन्होंने कहा कि अपराधियों व सहयोगियों पर सख्त कार्रवाई होगी और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।