महान शासक की जयंती पर लोगों ने दी श्रद्धांजलि, पूर्व कलेक्टर महावीर प्रसाद वर्मा ने बताया— “महाराजा की दूरदर्शिता से हरा-भरा बना बीकानेर”
श्रीगंगानगर: बीकानेर रियासत के महान शासक महाराजा गंगा सिंह की जयंती पर रायसिंहनगर में पहली बार भव्य आयोजन किया गया। जैन धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में महाराजा गंगा सिंह समिति की ओर से रक्तदान शिविर रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।
आयोजनकर्ता वेद प्रकाश ठंडी ने बताया कि यह आयोजन महाराजा गंगा सिंह के समाज, शिक्षा और जल प्रबंधन में दिए गए अमूल्य योगदान को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान समाज के उत्थान के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाली सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्य अतिथि और श्रीगंगानगर के पूर्व जिला कलेक्टर महावीर प्रसाद वर्मा ने कहा कि महाराजा गंगा सिंह ने जिस भूभाग को कभी रेतीला मरुस्थल कहा जाता था, उसे अपनी दूरदर्शिता और मेहनत से उपजाऊ बना दिया। उनके जल प्रबंधन के प्रयासों से बीकानेर आज हरा-भरा और समृद्ध क्षेत्र बन चुका है।
श्री गुरु रविदास मंदिर के अध्यक्ष अजीत सिंह ने सबसे पहले रक्तदान कर शिविर की शुरुआत की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक बलबीर सिंह लूथरा, पालिका अध्यक्ष मनीष मोहन कौशल, सामाजिक संस्थाओं के अध्यक्ष और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समिति ने घोषणा की कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि युवा पीढ़ी महाराजा गंगा सिंह के कार्यों और विचारों से प्रेरणा ले सके।