अजमेर जिले के कोटड़ा क्षेत्र में 29 करोड़ रुपये की लागत से सैटेलाइट अस्पताल का निर्माण हो रहा है। यह 50 बैड वाला अस्पताल गंभीर मरीजों के लिए वरदान साबित होगा। यहां सामान्य बीमारियों का इलाज, जांच और मुफ्त दवाओं की सुविधा उपलब्ध होगी।
रविवार को कोटड़ा कृष्णा कॉलोनी में 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क का शुभारंभ किया गया। इससे पहले 71 लाख रुपये की लागत से बनने वाली आंतरिक सड़कों का काम भी शुरू किया गया था। कोटड़ा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। यहां सैटेलाइट अस्पताल अस्थायी भवन में शुरू भी हो चुका है। साथ ही अजमेर उत्तर क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था के लिए बनने वाले तीन सर्विस रिजर्वायर में से एक कोटड़ा में ही तैयार किया जा रहा है।
अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र अब एक नए रूप में विकसित हो रहा है। सड़क, पानी, बिजली, पर्यटन, शिक्षा, खेल और पर्यावरण के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। शहर में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए 270 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति के तहत पृथ्वीराज नगर, कोटड़ा और लोहागल में तीन रिजर्वायर बनाए जा रहे हैं। इससे बीसलपुर से सीधे पानी की आपूर्ति होगी और टेल एंड इलाकों तक निर्बाध पानी पहुंच सकेगा।
बिजली जाने पर पंप हाउस से जलापूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से बीटीएस सिस्टम लगाए जा रहे हैं। साथ ही हाथीभाटा क्षेत्र में 132 केवी क्षमता का गैस आधारित जीएसएस बनाया जाएगा। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निर्माण हो रहा है और मरीजों व परिजनों के लिए मात्र एक रुपये में भोजन की सुविधा भी दी जा रही है। शिक्षा क्षेत्र में भी अहम घोषणा हुई है जिसके तहत आईआईटी की तर्ज पर अजमेर में आरआईटी की स्थापना होगी, जिससे यह क्षेत्र इंजीनियरिंग शिक्षा का केंद्र बनेगा।
पंचशील क्षेत्र में आईटी पार्क, साइंस पार्क और लेपर्ड सफारी जैसी परियोजनाएं जल्द पूरी होंगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। निगम कार्यालय का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है जिससे प्रशासनिक काम आसान होंगे। साथ ही रमणीय स्थलों के विकास पर भी काम चल रहा है जिसमें वरुण सागर झील का सौंदर्यीकरण, एंट्री प्लाजा, कन्वेंशन सेंटर, साइंस पार्क और लेपर्ड सफारी शामिल हैं।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।