‘सरके चुनर’ विवाद में NCW पहुंचीं नोरा फतेही, मांगी माफी; कहा- अब ऐसे गानों में नहीं करूंगी काम

मुंबई। विवादित गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर अभिनेत्री Nora Fatehi गुरुवार को National Commission for Women के सामने पेश हुईं। गाने के बोलों को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ मानते हुए आयोग ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लिया था। सुनवाई के दौरान नोरा फतेही ने माफी मांगते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था।
नोरा ने आयोग के सामने कहा कि भविष्य में वह ऐसे किसी भी गाने या प्रोजेक्ट में काम नहीं करेंगी, जिससे महिलाओं को लेकर गलत संदेश जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे से अपने प्रोजेक्ट चुनते समय सामाजिक जिम्मेदारी का विशेष ध्यान रखेंगी।
महिलाओं की गरिमा पर NCW की सख्ती
सुनवाई के दौरान आयोग की अध्यक्ष Vijaya K Rahatkar ने गाने के बोलों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मनोरंजन के नाम पर महिलाओं की गरिमा से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। आयोग का मानना है कि फिल्मों और गानों का समाज पर गहरा प्रभाव पड़ता है, इसलिए कलाकारों और निर्माताओं को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। आयोग ने इससे पहले नोरा फतेही को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए थे, क्योंकि पिछली सुनवाई में केवल उनके वकील उपस्थित हुए थे।
अनाथ बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएंगी नोरा
सुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में नोरा फतेही ने कहा कि उन्होंने आयोग के सामने अपनी बात रख दी है और माफी भी मांग ली है। साथ ही उन्होंने कुछ अनाथ बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की घोषणा भी की। सूत्रों के अनुसार, नोरा ने आश्वासन दिया कि आगे वह ऐसे कंटेंट से दूरी बनाएंगी, जिससे महिलाओं की छवि पर नकारात्मक असर पड़े। उनके इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने उनके कदम की सराहना की, जबकि कुछ ने इसे विवाद शांत करने की कोशिश बताया।
संजय दत्त भी आयोग के सामने हुए थे पेश
इस मामले में अभिनेता Sanjay Dutt भी 27 अप्रैल को आयोग के सामने पेश हुए थे। उन्होंने कहा था कि शूटिंग के दौरान गाना कन्नड़ भाषा में था और उन्हें हिंदी डबिंग की जानकारी नहीं थी। संजय दत्त ने भी माफी मांगते हुए 50 आदिवासी बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठाने का शपथपत्र दिया था। बता दें कि विवादित गाना KD: The Devil का हिस्सा था। विवाद बढ़ने के बाद इस गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया।