किशनगंज (सीमांचल): ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी सीमांचल न्याय यात्रा के दूसरे दिन किशनगंज में तेजस्वी यादव और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
ओवैसी ने मंच से कहा, “हमने लालू यादव को खत भिजवाया, लेकिन बेटा (तेजस्वी यादव) कहता है कि मुझे खत मिला ही नहीं। अगर मैंने पिता से आशीर्वाद लिया तो बेटा क्यों कह रहा है कि उससे आशीर्वाद नहीं लिया।”
उन्होंने मजाकिया लहजे में आगे कहा, “मैंने अख्तर भाई से कहा कि एक खत और लिख दो। अख्तर भाई बोले- लिखूंगा, लेकिन पहुंचाने का तरीका सीमांचल का होगा। फिर ढोल बजाकर खत उनके घर पहुंचा दिया गया।”
तेजस्वी को चेतावनी: “दोस्ती का हाथ गिरेबान तक भी पहुंच सकता है”

ओवैसी ने मंच से तेजस्वी यादव को सीधे चेतावनी देते हुए कहा,“तेजस्वी याद रखना, अगर हमारे अख्तरुल ईमान ने तुमसे गठबंधन के लिए हाथ बढ़ाया तो इसे हमारी मजबूरी मत समझना। जो हाथ दोस्ती के लिए बढ़ सकते हैं, वो हाथ तुम्हारे गिरेबान तक भी पहुंच सकते हैं।”
पीएम मोदी पर भी साधा निशाना

ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला करते हुए कहा, “भारत के प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि सीमांचल की बेइज्जती करना बंद कीजिए। 65 लाख नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए। क्या उनमें से एक भी घुसपैठिए का नाम निकला? सीमांचल के लोग चुनाव में वोट से साबित करेंगे कि वे भारत के नागरिक हैं। सीमांचल इंसानों की बस्ती है, कोई गैर-कानूनी बस्ती नहीं।”
सीमांचल न्याय यात्रा: रोड शो और जनसभाएं

किशनगंज की जनसभा के बाद ओवैसी अररिया रवाना हुए, जहां वे 150 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। इसके साथ ही वे 9 जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।
यह यात्रा 24 से 27 सितंबर तक चलेगी, जिसकी शुरुआत किशनगंज से हुई है।