दीपावली स्नेह मिलन में क्षेत्रवासियों की बड़ी भागीदारी, विधायक बोले— डबल इंजन सरकार से विकास कार्यों की लगी लंबी कतार
भीलवाड़ा: दीपावली के दूसरे दिन आसींद में विधायक जबर सिंह सांखला के ‘रामा श्यामा’ एवं स्नेह मिलन समारोह में भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोग, भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने विधायक सांखला को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।
इसी दौरान, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल भी अल्प प्रवास पर आसींद पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण, साफा बांधकर और मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया। मंत्री पटेल ने भी उपस्थित जनसमूह को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
विधायक जबर सिंह सांखला ने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार के चलते आसींद में विकास कार्यों की झड़ी लगी है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर क्षेत्र के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा सरकार आमजन के विश्वास पर खरी उतर रही है।
ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे और विधायक से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा नगर पालिका अध्यक्ष देवीलाल साहू के आवास पर भी दीपावली स्नेह मिलन का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे नगर में भक्ति, सौहार्द और उत्सव का माहौल बना रहा।