नींबू, बेर और अनार जैसी बागवानी फसलों से किसानों को सालभर आय का अवसर
जोधपुर: उद्यान विभाग के अधिकारियों ने कृषि क्षेत्र में आंवला बागवानी खेती का निरीक्षण किया और किसानों को उत्पादन बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन दिया। निरीक्षण के दौरान सहायक कृषि अधिकारी रफीक अहमद कुरैशी ने बताया कि किसान राज किसान पोर्टल के माध्यम से नई बागवानी खेती के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और सरकार से अनुदान प्राप्त कर सकते हैं।
प्रत्येक किसान को अधिकतम दो हेक्टेयर तक बागवानी खेती पर अनुदान दिया जाएगा। बागवानी फसलों में नींबू, बेर, अनार जैसे फलदार पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कुरैशी ने बताया कि बागवानी खेती न केवल फसलों की विविधता बढ़ाती है, बल्कि किसानों की आजीविका में स्थायित्व और नियमित आय का साधन भी बन रही है। नींबू, बेर और अनार जैसी फसलों से किसान सालभर आय अर्जित कर सकते हैं, जिससे कृषि पर निर्भर आजीविका को नया संबल मिला है।
किसानों से अपील की गई है कि वे मिट्टी और पानी की जांच कर उचित बागवानी फसल का चयन करें और योजनाओं का लाभ उठाएं। अनुदान के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी, इसलिए इच्छुक किसान जल्द से जल्द आवेदन करें।