श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहले दिन राजस्थान 152 पर ऑल आउट, अनिकेत चौधरी ने पूरे किए रणजी में 300 विकेट; राजकोट में रोमांचक मुकाबले में सौराष्ट्र की जीत
जयपुर: श्रीनगर में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन राजस्थान टीम को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ शुरुआत में झटका लगा। पहली पारी में राजस्थान मात्र 152 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम के लिए महिपाल लोमरोर ने नाबाद 37 रन, कार्तिक शर्मा ने 32, आकाश सिंह ने 24 और दीपक चाहर ने 23 रन बनाए।
जम्मू-कश्मीर की ओर से सुनील कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट (32 रन देकर) झटके, जबकि आकिब ने 3 विकेट और युद्धवीर ने 2 विकेट हासिल किए।
पहले दिन का खेल समाप्त होने तक जम्मू-कश्मीर ने 2 विकेट के नुकसान पर 66 रन बना लिए थे।
राजस्थान की ओर से अनिकेत चौधरी और दीपक चाहर ने एक-एक विकेट लिया। खास बात यह रही कि अनिकेत चौधरी ने इस मुकाबले के साथ रणजी ट्रॉफी में अपने 300 विकेट पूरे किए।
वीनू मांकड़ ट्रॉफी अंडर-19 (नॉकआउट मैच, राजकोट)
राजस्थान और सौराष्ट्र के बीच खेले गए अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी नॉकआउट मैच में रोमांचक सुपर ओवर मुकाबले में सौराष्ट्र ने राजस्थान को 14/0 के स्कोर से मात दी।
सौराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 340/4 रन बनाए, जिसमें वंश आचार्य ने नाबाद 165 रन, हरवंश ने 68 और पुष्पराज ने 62 रन जोड़े।
राजस्थान की ओर से भव्य राज ने 2 विकेट, जबकि अभिषेक और पर्व झालानी ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 340/9 रन बनाकर मैच को सुपर ओवर तक पहुंचाया।
टीम के लिए कुशाग्र ओझा (85 रन), साहिब अभिचंदानी (60), शिफॉन खान (49), पर्व झालानी (40) और भव्य राज (नाबाद 29) ने योगदान दिया।
सुपर ओवर में राजस्थान ने 10/1 रन बनाए, जबकि सौराष्ट्र ने बिना विकेट खोए 14 रन बनाकर जीत दर्ज की।
सी.के. नायडू ट्रॉफी (अंडर-23)
राजस्थान बनाम हैदराबाद के बीच सी.के. नायडू ट्रॉफी अंडर-23 मैच कल से जयपुर के जैपुरिया ग्राउंड में शुरू होगा। राजस्थान क्रिकेट संघ की मेजबानी में खेले जाने वाले इस मुकाबले से पहले दोनों टीमों ने नेट्स पर जमकर अभ्यास किया।