शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भारी भीड़, मौके पर ही निस्तारित हुई सैकड़ों समस्याएं – आवासन योजना से लेकर पशुधन बीमा तक मिला फायदा
पादूकलां: समीपवर्ती ग्राम पंचायत डोडियाना में शनिवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में लोगों का उत्साह देखने लायक रहा। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। प्रशासनिक अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर में सरपंच रेखाराम माट, सहायक विकास अधिकारी नंदकिशोर टाक, नायब तहसीलदार रामचंद्र भंवरिया, कोऑपरेटिव सोसायटी अध्यक्ष गिरधारी सिंह राठौड़, उप सरपंच दामोदर प्रसाद पारीक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि सरकार का उद्देश्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है।
शिविर में ग्रामीणों को आवासन योजना, पेंशन, मनरेगा, किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा और अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही आवेदन भरवाए गए। उप सरपंच दामोदर प्रसाद पारीक ने बताया कि शिविर में नाम शुद्धिकरण, खाता विभाजन, नामांतरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, खाद्य सुरक्षा पत्र, निजी शौचालय और पंडित दीनदयाल योजना से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
कार्यक्रम के दौरान तीन पट्टे वितरित किए गए, आयुष्मान भारत के 10 कार्ड बांटे गए, गर्भवती महिलाओं की 5 जांचें की गईं, 285 NCD केस दर्ज हुए, वंदना योजना के 2 आवेदन मिले, 18 पशुधन बीमा कार्ड बनाए गए और 470 पशुओं का वैक्सीनेशन किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी जैसे कनिष्ठ सहायक मंशीराम देवासी, पटवारी राकेश डोबर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपिका गहलोत, आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. अमित जोशी, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन लटियाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविरों से आमजन को राहत मिलती है और सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे गाँव-गाँव तक पहुँचती है।