राजस्थान की राजधानी जयपुर के जगतपुरा स्थित SKIT इंजीनियरिंग कॉलेज को एक धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल में कॉलेज परिसर में 6 RDX बम (IED) लगाए जाने और ‘सुसाइड अटैक’ की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही सांप्रदायिक टिप्पणी करते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की गई है।
‘RDX’ और आत्मघाती हमले का जिक्र
कॉलेज प्रिंसिपल को भेजे गए ईमेल में दावा किया गया है कि परिसर में विस्फोटक लगाए गए हैं। मेल में ‘श्रीलंकाई ईस्टर धमाकों’ जैसी घटना का हवाला देते हुए आत्मघाती हमले की धमकी भी दी गई। कुछ राजनीतिक और व्यक्तिगत नामों का उल्लेख कर तमिलनाडु पुलिस से जुड़े विवादों का संदर्भ दिया गया है, जिसे जांच एजेंसियां संदिग्ध मान रही हैं।
सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश
ईमेल में कथित तौर पर यह भी लिखा गया कि “सिर्फ मुस्लिम छात्रों को ही बाहर निकालें”, जिससे स्पष्ट है कि शरारती तत्व सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की मंशा से यह हरकत कर सकते हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह समाज में वैमनस्य फैलाने की साजिश तो नहीं।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
धमकी के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने कॉलेज परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में इसे ‘हॉक्स मेल’ माना जा रहा है, लेकिन एहतियातन किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा रही है।
पुलिस की अपील
अधिकारियों ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: असम में चुनावी बिगुल! सरकार की बड़ी घोषणाएं, महिलाओं को सीधा कैश और नौकरियों में आरक्षण