करड गांव में वृक्षारोपण, 10 करोड़ पौधों का लक्ष्य

By admin
3 Min Read

सीकर जिले के दांतारामगढ़ क्षेत्र के करड गांव में “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत 1111 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से प्रेरणा लेकर राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। पिछले साल 3 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 7 करोड़ 35 लाख पौधे लगाए गए, जिनकी तस्वीरें भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड की गईं। इस साल 10 करोड़ पौधों का लक्ष्य है, और अब तक 8 करोड़ 11 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनकी जानकारी हरियालो राजस्थान ऐप पर दर्ज की गई है।

संजय शर्मा ने लोगों से अपने जन्मदिन पर पौधे लगाने और अगले 3 वर्षों तक उनकी देखभाल करने का आह्वान किया ताकि आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण की सुरक्षा मिल सके। उन्होंने बताया कि आज दो पौधे विद्यालय में लगाए गए हैं और उनका जन्मदिन 6 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा, जिसमें वे स्वयं शामिल होंगे। उन्होंने सभी को जल संरक्षण और वृक्षारोपण का संकल्प भी दिलवाया।

ग्राम पंचायत परिसर और प्राथमिक चिकित्सालय में भी पौधारोपण किया गया और ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए भूमि दान करने वाले भामाशाह स्व. मोहन लाल सोनी के परिवार का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। संजय शर्मा ने कहा कि जलवायु संतुलन और भविष्य के लिए वृक्षारोपण बेहद ज़रूरी है और इसी सोच के साथ यह अभियान आगे बढ़ रहा है।

बुधवार को नीमकाथाना में सिरोही नदी के पास “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम में भी वृक्षारोपण किया गया। इस मौके पर सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में संजय शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में सबसे अहम भूमिका वृक्ष निभाते हैं। उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन केवल राजस्थान नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए चुनौती बन चुका है, तापमान और वर्षा में भारी असमानता देखने को मिल रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार द्वारा दिए गए 3 करोड़ पौधारोपण के लक्ष्य की पालना में राज्य सरकार ने गत वर्ष 7 करोड़ पौधे लगाने का निर्णय लिया था, और जन सहयोग से 7 करोड़ 35 लाख पौधे लगाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *