जिमनास्टिक और बॉक्सिंग के जनक रहे मदनसिंह आर्य को दी गई श्रद्धांजलि, वैदिक यज्ञ व प्रेरणा सभा में युवाओं को आर्य वीर दल से जुड़ने का आह्वान
जालोर: जिमनास्टिक और बॉक्सिंग के जनक माने जाने वाले कर्मयोगी मदनसिंह आर्य की 40वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को पुरानी सब्जी मंडी स्थित आर्य वीर दल वीरम व्यायामशाला में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक यज्ञ से हुआ, जिसमें यजमानों ने वेदमंत्रों के साथ आहुतियां दीं।
प्रांतीय महामंत्री शिवदत्त आर्य के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा विभागीय वुशू प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले आर्य वीर व वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया। प्रेरणा सभा में प्रदेश अधिष्ठाता विनोद आर्य ने कहा कि कर्मयोगी मदनसिंह आर्य ने सेना में सेवा देने के बाद युवाओं के शारीरिक, आत्मिक और बौद्धिक विकास के लिए समर्पित जीवन जिया। उन्होंने युवाओं के चरित्र निर्माण और संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
आर्य वीर दल अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि मदनसिंह आर्य न केवल एक श्रेष्ठ सैनिक थे, बल्कि खगोलीय शास्त्र के ज्ञाता भी थे। उन्हें सेना में कई पदकों से नवाजा गया था।
कार्यक्रम में वुशू विजेता खिलाड़ियों कुसुम सुथार, वैशाली, दिव्या सोनी, श्रेया राठौड़ और भावेश सुंदेशा का सम्मान किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में आर्य समाज के प्रधान दलपत सिंह आर्य, शाखा नायक कन्हैयालाल मिश्रा, पूर्व पार्षद भरत मेघवाल, वुशू कोच देवेश आर्य, समाजसेवी हितेश सुथार, सोम शेखर शर्मा और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुनीता चौधरी सहित बड़ी संख्या में आर्य वीर व वीरांगनाएं उपस्थित रहीं।