बूंदी: हिण्डोली के सबसे बड़े अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ का हंगामा, आखिर क्यों करनी पड़ी ये शिकायत?

By admin
2 Min Read

हिण्डोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नर्सिंग स्टाफ ने पूर्व चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर सोनू नागर पर अभद्रता और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान न होने पर वे काम का बहिष्कार करेंगे।

बूंदी: हिण्डोली ब्लॉक के सबसे बड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पूर्व चिकित्सा प्रभारी के खिलाफ नर्सिंग स्टाफ खुलकर सामने आया है। ड्यूटी खत्म करने के बाद कर्मचारियों ने उपखंड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और उपखंड अधिकारी (एसडीएम) शिवराज मीणा को लिखित शिकायत सौंपी।

नर्सिंग स्टाफ का आरोप है कि पूर्व चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर सोनू नागर पिछले कई महीनों से कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं। महिला नर्सिंग स्टाफ से अभद्र भाषा में बात करना, ऑन कॉल ड्यूटी के दौरान आपातकालीन मरीज को देखने नहीं आना और मोबाइल कॉल रिसीव न करना उनके व्यवहार में शामिल है।

शिकायत में कहा गया है कि डॉक्टर नागर नियम विरुद्ध ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ को दवाइयां लिखने और मरीज देखने के लिए कहते हैं। खुद साइन करने का आश्वासन देकर जिम्मेदारी से बचते हैं। मना करने पर स्टाफ को धमकी दी जाती है – “काम करना सीखा दूंगा, रिलीव करवा दूंगा, करियर खराब कर दूंगा।”

नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि इससे नए कर्मचारी मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं। इससे पहले भी शिकायत दी गई थी, लेकिन डॉक्टर के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से काम का बहिष्कार करेंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *