गोनेर रोड पर भूख हड़ताल: क्या सीवरेज के लिए जान तक दांव पर लगा देंगे अशोक जांगिड़?

By admin
2 Min Read

जयपुर: राजधानी के पूर्वी इलाके गोनेर रोड के पांच वार्डों में सीवरेज की सुविधा की मांग को लेकर स्थानीय समाजसेवी अशोक जांगिड़ ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। गांधी जयंती पर गांधी स्कूल के सामने सुबह 9 बजे से यह आंदोलन आरंभ हुआ, जिसमें सैकड़ों ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए।

अशोक जांगिड़ का कहना है कि, “पास के इंदिरा गांधी नगर और आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में सीवरेज की सुविधा है, लेकिन गोनेर रोड क्षेत्र के साथ भेदभाव किया जा रहा है। यहां भी लोग रहते हैं, यहां भी मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है।”

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी तो यह भूख हड़ताल उनकी मृत्यु तक जारी रहेगी।

हस्ताक्षर अभियान से भूख हड़ताल तक

गौरतलब है कि अशोक जांगिड़ इस मुद्दे पर मई से हस्ताक्षर अभियान चला रहे हैं। अब तक उन्होंने करीब पांच हजार पत्र स्थानीय विधायक डॉ. कैलाश वर्मा, सांसद मंजू शर्मा, सीएमओ और पीएमओ तक भेजे हैं। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय ने नगर निगम, JDA और अन्य विभागों से जवाब मांगा है, लेकिन सीवरेज पर अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

वहीं, विधायक डॉ. कैलाश वर्मा ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया है और कई बार सकारात्मक रुख भी दिखाया है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है।

अब सबकी निगाहें आंदोलन पर

फिलहाल यह देखना अहम होगा कि भूख हड़ताल कब तक चलती है और प्रशासन इस मांग पर कब तक कोई ठोस कदम उठाता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *