कुर्नूल जिले के चिन्नेतेकूर गांव के पास निजी लग्जरी बस में भयानक आग लगी; बाइक से टकराने के बाद बस में लगी आग, मौके पर ही झुलसकर कई यात्रियों की मौत
आंध्र प्रदेश: शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक निजी लग्जरी स्लीपर बस में भीषण आग लगने से 19 से अधिक यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा कुर्नूल जिले के चिन्नेतेकूर गांव के पास सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस विपरीत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल से टकरा गई, जिसके बाद उसमें आग भड़क उठी। उस वक्त बस में करीब 43 यात्री सवार थे।
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया एवं अग्निशमन सेवाओं के कार्यवाहक महानिदेशक पी. वेंकटा रमण ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही के कारण हुआ हो सकता है। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भीषण हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता की घोषणा की। उन्होंने कहा, “कुर्नूल जिले में हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। दिवंगतों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “कुर्नूल जिले के चिन्नेतेकूर गांव के पास हुए इस विनाशकारी बस हादसे से मैं स्तब्ध हूं। प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”
हेल्पलाइन नंबर जारी:
कुर्नूल कलेक्टर डॉ. ए. सिरी ने बताया कि राहत कार्य जारी है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने सूचना के लिए निम्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं —
- कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम: 08518-277305
- सरकारी अस्पताल कुर्नूल: 9121101059
- स्पॉट कंट्रोल रूम: 9121101061
- कुर्नूल पुलिस कंट्रोल रूम: 9121101075
- GGH हेल्प डेस्क: 9494609814, 9052951010