अजमेर: जिला कलक्टर लोक बंधु ने पीसांगन उपखंड क्षेत्र के ब्रिकचियावास में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया और अधिकारियों को आमजन को बेहतर सेवाएं देने के लिए निर्देशित किया।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान जिला कलक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार की ओर से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देने और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने हेतु यह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने 16 विभागों द्वारा प्रदान की जा रही 48 प्रकार की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए ग्रामीणों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
जिला कलक्टर ने कहा कि शिविर में स्वास्थ्य जांच और दवाई, पोषण, फसल बीज किट वितरण, बीमा, मवेशियों से संबंधित योजनाओं के लाभ, राजस्व और बिजली विभाग से जुड़े आवेदन, साथ ही छोटी-मोटी समस्याओं का निस्तारण भी किया जा रहा है। इस व्यवस्था से नागरिकों को उपखंड या जिला मुख्यालय तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन से संवाद स्थापित करें और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। विशेष रूप से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को क्षय रोगियों को निक्षय किट उपलब्ध कराने और उपचार के फॉलोअप करने के निर्देश दिए गए ताकि मरीज पूर्ण स्वस्थ हो सकें।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी राजीव बड़गूजर, तहसीलदार भागीरथ चौधरी, विकास अधिकारी सोहनलाल डारा, प्रशासक भैरूलाल धांधड़ा और ग्राम विकास अधिकारी रमेश चौधरी समेत अन्य शासन-प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।