रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर की अर्धशतकीय पारियों के बावजूद भारत 2-0 से पिछड़ा, एडम जम्पा बने मैच के हीरो
एडिलेड ओवल में खेले गए दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 2 विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने एक मैच शेष रहते सीरीज पर कब्जा जमा लिया।
भारत की पारी:
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 264 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली जल्दी आउट हो गए, जिससे भारत की शुरुआत खराब रही। इसके बाद रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला।
अंतिम ओवरों में अक्षर पटेल ने 44 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, लेकिन एडम जम्पा ने भारत की लय तोड़ दी। भारत का स्कोर 226/8 तक सिमट गया, हालांकि हर्षित राणा (24) और अर्शदीप सिंह (13)* ने आखिरी में उपयोगी रन जोड़कर टीम को 264 तक पहुंचाया।
ऑस्ट्रेलिया की पारी:
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 46.2 ओवर में 8 विकेट पर 265 रन बनाकर जीत हासिल की। मैथ्यू शॉर्ट और कूपर कोनोली ने टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। अंतिम ओवरों में मिचेल ओवेन की तेज पारी ने मुकाबले का रुख ऑस्ट्रेलिया की ओर मोड़ दिया।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा ने 2-2 विकेट लिए।
प्लेयर ऑफ द मैच:
ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा को 4 विकेट झटकने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
रोहित शर्मा का नया रिकॉर्ड:
रोहित शर्मा ने इस मैच में 73 रन की पारी खेलते हुए सौरव गांगुली को पीछे छोड़ भारत के लिए वनडे में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके अब 11,249 रन हो गए हैं।
विराट कोहली एडिलेड को कहा गुडबाय:
विराट कोहली लगातार दूसरे वनडे में शून्य पर आउट हुए। एडिलेड के दर्शकों ने उनके पवेलियन लौटते समय खड़े होकर तालियां बजाईं। माना जा रहा है कि यह कोहली की एडिलेड में आखिरी अंतरराष्ट्रीय पारी हो सकती है, क्योंकि अब भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा अगले दो साल तक तय नहीं है।
सीरीज की स्थिति:
ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। अब तीसरा और आखिरी वनडे 25 अक्टूबर को सिडनी में खेला जाएगा।