स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस का संदेश

By admin
2 Min Read

राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार को यहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस विधायक, विधायक प्रत्याशी, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

इस मौके पर डोटासरा ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के अथक प्रयास और बलिदान से हमें आजादी मिली है। महान नेताओं ने जो संविधान दिया, उससे देशवासियों को अधिकार प्राप्त हुए और यही वजह है कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र कायम रहे और सभी को बोलने व काम करने की आजादी हो, इसी उद्देश्य से संविधान में सभी को अधिकार प्रदान किए गए हैं।

डोटासरा ने कहा कि आज देश में जो शासन कर रहे हैं, उनका संविधान में विश्वास नहीं है और वे लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए लगातार प्रहार कर रहे हैं। बोलने की आजादी और अन्य अधिकार छीने जा रहे हैं, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है और सबसे बड़ा प्रहार वोट के अधिकार पर किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोगों से वोट का अधिकार छीन रही है। संविधान के 73वें और 74वें संशोधन में प्रावधान है कि प्रत्येक पांच वर्ष में नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव होना जरूरी है, लेकिन पांच वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी प्रदेश की सरकार चुनाव नहीं करवा रही है, जो संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन है।

डोटासरा ने कहा कि आज सभी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता संकल्प लेते हैं कि देश का लोकतंत्र मजबूत रहे, इसके लिए बड़े से बड़ा बलिदान देंगे और संविधान में दिए गए अधिकारों से किसी को वंचित नहीं होने देंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *