अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर मेधावी छात्राओं का सम्मान, नारी सशक्तिकरण पर प्रस्तुत किए भाषण और कविताएँ
पादूकलां: अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पालड़ीकलां में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्रा शिल्पा भूकर को नामित प्रधानाचार्य बनाया गया, जिन्होंने पूरे विद्यालय संचालन की जिम्मेदारी संभाली।
कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया गया। विद्यालय परिवार की ओर से मेधावी छात्राओं का सम्मान किया गया। बालिकाओं ने नारी सशक्तिकरण पर प्रभावशाली भाषण, कविताएँ और गीत प्रस्तुत किए, जिनसे वातावरण प्रेरणादायक बन गया।
प्रधानाचार्य शिल्पा भूकर ने अपने संबोधन में कहा कि आज की बालिका किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है—वह शिक्षा, विज्ञान, खेल और समाज सेवा में अपनी पहचान बना रही है। उन्होंने समाज से अपील की कि हर बालिका को समान अवसर और प्रोत्साहन मिले।
अध्यापकों ने छात्राओं को उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय की सभी गतिविधियाँ — प्रार्थना सभा से लेकर शिक्षण कार्य तक — छात्राओं द्वारा ही संपादित की गईं।
कार्यक्रम में प्राचार्य देवाराम, रामचंद्र राव, शिक्षिकाएँ, छात्राएँ और ग्रामवासी उपस्थित रहे। छात्राओं ने कार्यक्रम का संचालन किया और अंत में आभार व्यक्त किया।