राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने शुक्रवार को अमर जवान ज्योति, जनपथ पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इस मौके पर जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी, सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक और कई गणमान्यजन मौजूद रहे।
इसके बाद शासन सचिवालय में आयोजित मुख्य समारोह में डॉ. बैरवा ने तिरंगा फहराया, सलामी गारद का निरीक्षण किया और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा —
“स्वतंत्रता हमें विरासत में नहीं मिली… इसे त्याग, बलिदान और कठिन परिश्रम से पाया है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करें।”
उन्होंने भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और रानी लक्ष्मीबाई जैसे क्रांतिकारियों को याद किया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान को अग्रणी राज्यों में लाने की प्रतिबद्धता जताई।
डॉ. बैरवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “पंच प्रण” का जिक्र करते हुए कहा कि एकता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ना ही सच्ची देशसेवा है।
उन्होंने कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार की पारदर्शी नीतियों, पदोन्नति, नियुक्तियों और अनुकंपा नियुक्ति नियमों में बदलाव का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में कार्मिक विभाग के शासन सचिव कृष्णकांत पाठक ने भी संबोधित करते हुए कहा —
“हम दुनिया की सबसे पुरानी संस्कृति के वाहक हैं… और नवाचारों से देश को सर्वोच्च शिखर पर ले जा सकते हैं।”
सचिवालय कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने इस मौके पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।