महाराजा जवाहर सिंह स्मारक समिति के स्थापना दिवस पर भामाशाह व प्रतिभा सम्मान समारोह में 1000 से अधिक गणमान्य उपस्थित; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बटोरा ध्यान
भरतपुर: महाराजा जवाहर सिंह स्मारक समिति के स्थापना दिवस एवं जाट प्रतिभा व भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान रहे, जबकि अध्यक्षता इंजीनियर सरदार सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेष सिंह, सांसद माया नारोलिया और डॉ. नरेंद्र सिंह फौजदार उपस्थित रहे।
इस दौरान समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों, प्रशासनिक सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर मेडल विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
भगतसिंह मॉडर्न स्कूल, शारदा स्कूल और संतकृपाल स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भरे।
मुख्य अतिथि डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि महाराजा सूरजमल द्वारा बसाया गया भरतपुर जाट साम्राज्य की गौरवशाली धरोहर है और यहां बन रहा भव्य जाट भवन समाज के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए इंजीनियर सरदार सिंह ने कहा कि यह भवन आने वाले समय में समाज की सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।
विधायक डॉ. शैलेष सिंह ने कहा कि भवन समाज के युवाओं के उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा, वहीं डॉ. नरेंद्र सिंह फौजदार ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरणा देता है।
सांसद माया नारोलिया ने समिति के मृत्युभोज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की सराहना की।
मीडिया प्रभारी डॉ. उदय भान सिंह ने बताया कि समिति युवाओं और बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करती है।
महासचिव सुधीर पाल सिंह ने कहा कि समिति का उद्देश्य “सर्वजन सुखाय, सर्वजन हिताय” के सिद्धांत पर कार्य करना है।
इस अवसर पर ओमप्रकाश सोगरवाल, थानसिंह सोलंकी, प्रमोद सिंह, जलसिंह फौजदार, महावीर सिंह तोमर, एवं पूनम चौधरी सहित समाज के 1000 से अधिक गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. उदय भान सिंह ने किया और अध्यक्ष इंजीनियर सरदार सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।