इस्कॉन अजमेर द्वारा रविवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने केसरगंज सर्किल से रथ यात्रा का शुभारंभ किया।
देवनानी ने कहा कि यह रथ यात्रा हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है और भगवान जगन्नाथ केवल पुरी के नहीं, बल्कि पूरे विश्व के आराध्य हैं। उन्होंने कहा कि “हरे रामा-हरे रामा, रामा-रामा हरे-हरे, हरे कृष्णा-हरे कृष्णा, कृष्णा-कृष्णा हरे-हरे” जैसे मंत्रों से करोड़ों लोगों के जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ है। ऐसे धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति को सशक्त बनाते हैं और समाज में भाईचारे व सद्भावना को बढ़ावा देते हैं।
यह रथ यात्रा केसरगंज सर्किल से शुरू होकर पड़ाव, पान दरीबा, क्लॉक टावर, मदार गेट, गांधी भवन, चूड़ी बाजार, नया बाजार चौपड़, आगरा गेट, फव्वारा सर्किल, बजरंगगढ़ चौराहा, आनासागर चौपाटी होते हुए वैशाली नगर पर संपन्न हुई। यात्रा में चेतन महाप्रभु की झांकियां भी शामिल रहीं और हजारों श्रद्धालुओं ने रस्सी से रथ खींचते हुए भाग लिया।
रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और भजन-कीर्तन से स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्थाएं की गईं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।