धारा 107 बीएनएसएस के तहत होटल संचालक बनवारी शेखर और पत्नी किरण की संपत्तियों पर गिरी गाज, अनैतिक कारोबार से कमाई थी करोड़ों की संपत्ति
बूंदी: जिला पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध संपत्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वैलकम होटल संचालक बनवारी शेखर और उसकी पत्नी किरण शेखर की लगभग 12 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क की है। यह कार्रवाई धारा 107 बीएनएसएस के तहत न्यायालय के आदेश पर प्रशासन, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वृत्ताधिकारी अरुण कुमार आरपीएस के मार्गदर्शन और थानाधिकारी रमेशचंद आर्य के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
जांच में सामने आया कि बनवारी शेखर ने होटल व्यवसाय की आड़ में अनैतिक देह व्यापार से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की थी। उसने इस धन से दो लग्जरी कारें, तीन मोटरसाइकिलें, ग्राम ईटोडा, अखेड़, झुवांसा और रामगंज बालाजी में कृषि भूमि, कुवारती मंडी व बूंदी शहर में प्लॉट, रामगंज बालाजी में आलीशान मकान और नेशनल हाईवे पर वैलकम होटल जैसी संपत्तियां खरीदीं।
जांच में यह भी पाया गया कि बनवारी और उसकी पत्नी के बैंक खातों में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ था। पुलिस ने सभी संपत्तियों को कुर्क कर राजकोष में जमा कराया, साथ ही दोनों के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कार्य से अर्जित संपत्ति पर अब सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।