बिहार के मोतिहारी में भीषण अग्निकांड, दो बच्चों समेत तीन की जिंदा जलकर मौत

3 Min Read

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में शुक्रवार देर रात एक दो मंजिला दुकान और मकान में लगी भीषण आग में दो बच्चों समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में शुक्रवार देर रात दर्दनाक अग्निकांड हो गया। ढाका प्रखंड के कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में एक दो मंजिला दुकान और मकान में लगी भीषण आग में दो बच्चों समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

आधी रात लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

स्थानीय लोगों के मुताबिक शुक्रवार आधी रात अचानक दो मंजिला होलसेल जनरल स्टोर और स्पेयर पार्ट्स की दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग आग बुझाने के प्रयास में जुट गए, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा।

मृतकों में दुकानदार के बेटे-बेटी शामिल

इस दर्दनाक हादसे में दुकानदार राजकुमार साह के बेटे और बेटी की मौत हो गई। वहीं दुकान में काम करने वाले स्टाफ प्रिंस कुमार ने भी आग में झुलसकर दम तोड़ दिया। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि प्रशासन ने अभी आधिकारिक तौर पर कारणों की पुष्टि नहीं की है। आग में दुकान में रखा भारी मात्रा में किराना सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। सिकरहना डीएसपी उदयशंकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *