गर्मी से बेहाल लोगों को इस बार राहत तो मिली, लेकिन राहत के साथ आफत भी आ गई है। 2 अगस्त की रात हुई मूसलधार बारिश ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में मौसम तो सुहाना कर दिया, लेकिन सड़कों पर जलभराव और अंडरपास में पानी भरने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार, हिमाचल और राजस्थान समेत कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश से बदला मौसम का मिजाज
शनिवार सुबह तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में उमस भरा मौसम था, लेकिन शाम होते ही आसमान में बादल छाए और देर रात तक झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक बारिश का यही सिलसिला जारी रहेगा। वहीं 4 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
यूपी में 12 जिलों में बाढ़ जैसे हालात, गंगा उफान पर
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बनते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 बाढ़ प्रभावित जिलों की निगरानी के लिए ‘टीम-11’ बनाई है, जो राहत और बचाव कार्यों को 24×7 ट्रैक कर रही है। वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान 71.26 मीटर के करीब 69.98 मीटर तक पहुंच गया है। तुलसी घाट जलमग्न हो चुका है और नाव सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
बिहार के 19 जिलों में रेड अलर्ट, वज्रपात का भी खतरा
बिहार में पटना, गया, औरंगाबाद, जमुई समेत 19 जिलों में मौसम विभाग ने 48 घंटे का भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी के साथ प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
हिमाचल में ऑरेंज और येलो अलर्ट, कई जिले संवेदनशील
हिमाचल प्रदेश के शिमला, सोलन और सिरमौर में 3 अगस्त को येलो अलर्ट जारी किया गया है। 4 और 5 अगस्त को सिरमौर, कुल्लू, कांगड़ा, ऊना और बिलासपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। चम्बा, मंडी, हमीरपुर, शिमला जैसे जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 6 अगस्त को भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
राजस्थान के उत्तर-पूर्वी जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बीकानेर, जयपुर, शेखावाटी और भरतपुर जैसे इलाकों में मौसम विभाग ने 4 अगस्त के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तरी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में तेज बारिश के आसार हैं। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
सावधानी जरूरी, अलर्ट पर रहें तैयार
देशभर में मौसम की इस बदली करवट ने जहां किसानों और गर्मी से परेशान लोगों को राहत दी है, वहीं कई जगहों पर यह चुनौती बनकर आई है। जलभराव, बिजली गिरने और नदियों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की जरूरत है। मानसून की ये बारिश फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रही है।