नार्को कोर्डिनेशन सेंटर और स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में दिए निर्देश, स्मार्ट चेकपोस्ट और सीसीटीवी निगरानी की योजना
श्रीगंगानगर: जिला स्तरीय नार्को कोर्डिनेशन सेंटर एवं स्टैंडिंग कमेटी की बैठक मंगलवार को जिला कलेक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन ड्रॉपिंग द्वारा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी को लेकर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी एजेंसियां मिलकर ड्रोन ड्रॉपिंग पर सतत निगरानी और रोकथाम सुनिश्चित करें। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण और अतिक्रमण का सर्वे करवाकर आवश्यक कार्यवाही करने और नए अतिक्रमण को रोकने के निर्देश भी दिए।
बैठक में भारतमाला सड़क मार्ग पर स्मार्ट चेक पोस्ट, सीसीटीवी कैमरे और नंबर प्लेट रीडर सिस्टम लगाने की योजना पर भी चर्चा हुई।
कलेक्टर ने नशा मुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1933, 9351504313 और 181 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में संचालित मनोक्लिनीक और चिकित्सालयों में नशे की लत से पीड़ित मरीजों का रिकॉर्ड संधारित किया जाए और उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही मेडिकल संचालक बिना डॉक्टर की पर्ची और मोहर के किसी भी प्रकार की नशीली दवा की बिक्री न करें। इसके लिए औषधि नियंत्रक विभाग को सख्त निगरानी रखने के आदेश दिए गए।
बैठक में एएसपी रघुवीर शर्मा ने पुलिस द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत की जा रही कार्यवाहियों की जानकारी दी। सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। वहीं, सीडीईओ गिरजेश कांत शर्मा ने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर एडीएम सतर्कता श्रीमती रीना, एसडीएम नयन गौतम, अशोक मित्तल, देवानंद सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।