बिना सूचना स्मार्ट मीटर लगाने पर हंगामा, विवाद के बाद मामला शांत हुआ
डीडवाना: शहर के नागौरी गेट के बाहर रविवार को स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर हंगामा मच गया। जानकारी के अनुसार, छुट्टी के दिन अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहने के कारण कंपनी के कर्मचारी दुकानों के बाहर बिना सूचना स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे।
जैसे ही दुकानदारों को इस बारे में पता चला, व्यापारी वर्ग एकत्रित हो गया और जमकर विरोध किया। विरोध करीब दो घंटे तक जारी रहा। व्यापारियों ने कहा कि कंपनी वाले पुराने मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर जबरदस्ती लगा रहे हैं, जबकि किसी को पहले सूचना नहीं दी गई।
विरोध के दौरान दोनों पक्ष थाने तक गए और अपनी बात रखी। कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि उनके पास सभी स्थानों पर स्मार्ट मीटर लगाने का टेंडर और आदेश मौजूद है। इसके बावजूद व्यापारियों ने विरोध जारी रखा। अंततः कंपनी के कर्मचारियों ने पुराना मीटर ही वापस लगाने पर सहमति दे दी और नया स्मार्ट मीटर नहीं लगाया गया।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और विभिन्न संगठन भी इस मुद्दे पर सक्रिय हैं। डीडवाना में भी इसी को लेकर व्यापारियों ने अपनी आवाज बुलंद की।