केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पारदर्शी व्यवस्था अपनाई है और बीते 11 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था 2 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। अब भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।
उन्होंने जोधपुर में आयोजित 16वें रोजगार मेले में कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं के चलते 30 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं। बढ़ती अर्थव्यवस्था ने सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाए हैं। 45 करोड़ से अधिक युवाओं ने मुद्रा लोन के माध्यम से स्वरोजगार शुरू किया है।
शेखावत ने बताया कि 2014 में देश में गिने-चुने स्टार्टअप थे, लेकिन आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। 1.70 लाख से अधिक स्टार्टअप्स सक्रिय हैं और 125 से ज्यादा यूनिकॉर्न कंपनियां भारत में हैं।
उन्होंने राजस्थान की पुरानी परीक्षा प्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि पहले परीक्षाएं पूरी होने से पहले ही घोटाले सामने आ जाते थे। अब मोदी सरकार ने ईमानदारी से परीक्षा और निष्पक्ष नियुक्ति सुनिश्चित की है। इंटरव्यू की प्रक्रिया को भी सीमित कर दिया गया है।
शेखावत ने यह भी कहा कि अब युवाओं को प्रमाण पत्र सत्यापित कराने के लिए अधिकारियों के पास नहीं जाना पड़ता — वे स्वयं हस्ताक्षर कर जमा कर सकते हैं। यह बदलाव मोदी सरकार की पारदर्शिता और भरोसे का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्त हुए 51,000 कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए, जिनमें से 200 युवाओं को जोधपुर में नियुक्ति प्रमाण पत्र दिए गए।