लेजेंजी टी10 लीग की जयपुर में शुरुआत

By admin
3 Min Read

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने सात अगस्त से जयपुर में शुरू होने वाली लेजेंजी टी10 लीग क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण कर इसकी औपचारिक शुरुआत की। टूर्नामेंट के उद्घाटन संस्करण से पहले जयपुर में आयोजित समारोह में क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियां, टीम मालिक और लीग के अधिकारी मौजूद थे।

अजहरुद्दीन ने कहा कि लेजेंजी टी10 लीग जैसे मंच से युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिग्गजों के साथ खेलने का अवसर मिलना बहुत प्रेरणादायक है। इस तरह के टूर्नामेंट सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को बड़े सपने देखने के लिए भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि इस मंच से कई भविष्य के सितारे उभरकर आएंगे।

लीग अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने कहा कि हम लगातार ट्रिपल हेडर मुकाबलों और एक शानदार फिनाले के साथ खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन देखने के लिए उत्सुक हैं। लीग की सह-संस्थापक और मुख्य विपणन अधिकारी मीनाक्षी अग्रवाल ने कहा कि हमारा लक्ष्य क्रिकेट को अधिक समावेशी, प्रेरणादायक और ज़मीनी स्तर से जोड़ना है। यह लीग गली क्रिकेट से लेकर स्टेडियम की रोशनी तक युवाओं के लिए संभावनाओं का पुल है।

लेजेंजी टी10 के संस्थापक और सीईओ चिरंजीव दुबे ने कहा कि इस लीग का उद्देश्य सपनों को हकीकत में बदलना है और युवाओं को उस मंच तक पहुंचाना है जहां वे अपने आदर्श खिलाड़ियों के साथ खेल सकें। उन्होंने खुशी जताई कि अब युवाओं के सपने साकार हो रहे हैं।

इस टूर्नामेंट की शुरुआत 7 अगस्त को सवाई मानसिंह इंटरनेशनल स्टेडियम, जयपुर में होगी। पहला मुकाबला शाम 5 बजे रॉयल चैलेंजर्स दिल्ली और बंगाल टाइगर्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद शाम 7 बजे सदर्न यूनाइटेड बनाम एमपी स्पार्टन्स और रात 9 बजे मुंबई स्टार्स और राजस्थान रेडर्स के बीच मुकाबला होगा।

लीग चरण 7 से 11 अगस्त तक चलेगा और हर दिन तीन मैच होंगे। नॉकआउट मुकाबले 12 अगस्त को खेले जाएंगे और फाइनल 13 अगस्त की रात 7 बजे होगा। टूर्नामेंट में हर्शल गिब्स, रॉस टेलर, तिलकरत्ने दिलशान, इरफान पठान, यूसुफ पठान और आरोन फिंच जैसे पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी छह टीमों का नेतृत्व करेंगे। इसमें 74 भारतीय खिलाड़ी भी खेलेंगे जिन्हें स्थानीय ट्रायल्स के ज़रिए चुना गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *