राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय (CURAJ) में मेस विवाद गहराया, घटिया भोजन के विरोध में छात्रों ने मेस पर जड़ा ताला
संवाददाता- विमल गौड़, किशनगढ़(अजमेर)

अजमेर के राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय (CURAJ) एक बार फिर मेस में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर विवादों में घिर गया है। विश्वविद्यालय की ‘मेगा मेस’ में घटिया और अस्वच्छ भोजन परोसे जाने से नाराज छात्रों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। आक्रोशित विद्यार्थियों ने मेस के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों का आरोप है कि लंबे समय से मेस में खराब गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है। खाने में साफ-सफाई की कमी और लगातार गिरती गुणवत्ता को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन ही दिए गए। विद्यार्थियों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेने के बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि पहले भी कई बार मेस व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के प्रति संवेदनशील नहीं है।
इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की गई है, जिसमें मीडिया और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने की बात कही गई है। एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि निर्देशों की अवहेलना करने पर कार्रवाई की जा सकती है। इसे लेकर भी छात्रों में नाराजगी देखी जा रही है।
छात्रों के उग्र विरोध प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली और मेस व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल छात्र मेस व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।