ब्यावर: ग्राम पाखरियावास में लगभग आधा किलोमीटर लंबे दर्ज रास्ते पर हो रहे अतिक्रमण को हटाकर प्रार्थी को सुखाधिकार प्रदान किया गया। यह रास्ता पिछले 30 वर्षों से बंद पड़ा था।
प्रार्थी सिकंदर सिंह द्वारा राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज इस रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीणा के समक्ष प्रस्तुत की गई। उक्त रास्ता सिवायचक खसरा नंबर 174 एवं 169 तथा आबादी भूमि में दर्ज पाया गया।
शिकायत के निस्तारण हेतु ब्यावर तहसीलदार श्री हनुत सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर जाकर सीमांकन किया। टीम में गिरदावर चैतन्य प्रकाश पारीक, गिरदावर अर्जुन पोपावत, पटवारी राधिका यादव, सुनील डेटानी, पंकज कुमावत, राहुल गवारिया, अभिषेक मीणा शामिल थे।
मौके पर थानाधिकारी सदर थाना श्री गजराज, पुलिस जाब्ता और ग्राम विकास अधिकारी पाखरियावास सेतु शर्मा की उपस्थिति में जेसीबी द्वारा अतिक्रमण हटाकर रास्ता पूरी तरह से खुलवाया गया।
साथ ही अतिक्रमणकारियों को भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करने हेतु पाबंद किया गया। यह कार्रवाई आमजन के लिए यह संदेश है कि राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज रास्तों और सार्वजनिक सुविधाओं पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरतमंदों को उनका सही अधिकार दिलाया जाएगा।