लूणी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोरड़ी देजगरा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय केरियानाडा में 51.58 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। वक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गुणवत्तायुक्त शिक्षा और विद्यालयों के ढांचे को प्राथमिकता दे रही है। पिछले दो बजट में शैक्षणिक भवनों के लिए 625 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे आधुनिक शिक्षा व्यवस्था का सपना साकार हो रहा है।
राज्य में जलापूर्ति को लेकर डबल इंजन सरकार युद्ध स्तर पर काम कर रही है। पूर्वी राजस्थान के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना, शेखावाटी क्षेत्र के लिए यमुना जल समझौता, पश्चिमी राजस्थान के लिए जवाई बांध पुनर्भरण और लिफ्ट कैनाल फेज-3 जैसी योजनाएं प्रगति पर हैं। इनसे पेयजल, कृषि और उद्योग के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा।
प्रवासी राजस्थानियों को उनके गांवों से जोड़ने और पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रवासी नागरिक जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण में आर्थिक और तकनीकी सहयोग दे रहे हैं। अगले चार वर्षों में 45 हजार जल संरचनाएं बनाई जाएंगी।
किसानों को राहत देने के लिए सरकार ने खरीफ संवत् 2080 के तहत लूणी विधानसभा क्षेत्र के लंबित आदान-अनुदान की राशि 62.17 करोड़ रुपये किसानों के बैंक खातों में जमा कर दी है। शेष 6.87 करोड़ रुपये भी जल्द खातों में भेजे जाएंगे।
बाजरे को पोषक अनाज ‘श्रीअन्न’ के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा है। यह न केवल किसानों के लिए लाभकारी है बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी उपयोगी है। सभी लोगों को अपने आहार में बाजरे को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
रोहिल्ला खुर्द स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में स्वर्गीय पूरारामजी की स्मृति में उनके परिवार द्वारा निर्मित प्रवेश द्वार और जल मंदिर का लोकार्पण किया गया। वक्ता ने भामाशाहों की इस पहल को प्रेरणादायक बताया।