सवाई माधौपुर जिले के बौंली में नगर पालिका कर्मचारियों और फल विक्रेता के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मामला नगर पालिका कार्यालय तक पहुंच गया। सभागार भवन का कांच टूटा और फल विक्रेता घायल हो गया।
सवाई माधौपुर: नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान गुरुवार सुबह उपखंड मुख्यालय बौंली में हंगामा हो गया। नगर पालिका कर्मचारियों ने महात्मा गांधी जयंती कार्यक्रम की तैयारी के चलते कार्यालय के सामने खड़े ठेलों को हटाना शुरू किया। इसी बीच एक फल विक्रेता से कर्मचारियों की कहासुनी हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आपस में भिड़ते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंच गए। इस दौरान सभागार कार्यालय का मुख्य गेट और कांच टूट गया।
सीसीटीवी फुटेज में फल विक्रेता को ईंट और हाथ से सभागार भवन का कांच तोड़ते हुए देखा जा सकता है। घटना के दौरान फल विक्रेता भी घायल हो गया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बौंली थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल योगेंद्र यादव मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया था।